ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार का पुतला फूंकने पर पुलिस से तीखी झड़प
ग्वालियर 8 अक्टूबर 2026। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा एसआईआर में कथित मनमानी और वोट चोरी के विरोध में इंडिया गठबंधन ने शक्ति प्रदर्शन किया। ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ के आह्वान पर गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संयुक्त पैदल मार्च निकाला। अंचलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुआ मार्च इंदरगंज चौराहा, महल गेट, जयेंद्रगंज और शिंदे की छावनी होते हुए फूलबाग चौराहे पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ता लगातार ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।
फूलबाग पर पुतला दहन को लेकर टकराव
फूलबाग चौराहे पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके साथ ही भाजपा सरकार का पुतला जलाने के प्रयास को लेकर पुलिस और कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
पैदल मार्च और प्रदर्शन को देखते हुए पूरे मार्ग के साथ फूलबाग चौराहे पर भी बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
संयुक्त प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक सतीश सिंह सिकरवार, विधायक सुरेश राजे, पूर्व विधायक प्रवीण पाठक, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, पूर्व प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, समाजवादी पार्टी के नेता, महिला जिला अध्यक्ष ज्योति सिंह, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष मीनू परिहार, प्रदेश स्तर की महिला कांग्रेस नेत्री रश्मि पवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और गठबंधन के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
