17 जोनों के 73 श्वानों ने दिखाए अद्भुत करतब, बम एवं नारकोटिक्स की पहचान सहित विभिन्न कौशलों का किया प्रदर्शन
झांसी। मंडल स्थित रेलवे सुरक्षा बल रिजर्व लाइन झांसी में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय के मैदान में आज दिनांक 23.10.2026 को 19वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल श्वान प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में देश के 17 जोनों से आए विस्फोटक पदार्थों, नारकोटिक्स की पहचान तथा ट्रैकिंग सहित विभिन्न कार्यों में प्रशिक्षित कुल 73 श्वान प्रतिभाग कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रशिक्षित श्वानों की कार्यकुशलता, अनुशासन, प्रशिक्षण और सुरक्षा संबंधी विभिन्न कार्यों में उनकी दक्षता का प्रदर्शन करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, झांसी मंडल, श्री अनिरुद्ध कुमार का स्वागत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झांसी श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। इसके उपरांत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। परेड कमांडर द्वारा मुख्य अतिथि से परेड प्रारंभ करने की अनुमति ली गई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर विभिन्न जोनों से आई रेलवे सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने परेड में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुख्य अतिथि को सलामी दी।
शुभारंभ समारोह में प्रशिक्षित श्वानों ने अपनी अद्भुत दक्षता और अनुशासन से उपस्थित अतिथियों को प्रभावित किया। श्वान शैडो एवं ड्यूक ने गुब्बारे फोड़ने का प्रदर्शन किया, जबकि श्वान बोल्ट ने आग की लपटों के बीच बने अवरोध को छलांग लगाकर पार किया। श्वानों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया। इसके अतिरिक्त फायर हर्डल, हर्डल, बम पहचान, नारकोटिक्स की पहचान और ट्रैकिंग जैसे विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया गया। इन रोमांचक प्रस्तुतियों ने श्वानों के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और कार्यक्षमता को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल की सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने ऐसी प्रतियोगिताओं को श्वानों के कौशल, दक्षता और कार्यक्षमता को परखने तथा उनमें और निखार लाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन श्री नंदीश शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी श्री रूपेश बघेला, सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज श्री विनय महराज, सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झांसी श्री कृष्णा नन्द तिवारी सहित रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
