पुलिस ने बताया अवैध, आबकारी के ऑनलाइन सिस्टम में वैधता! जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से मांगा जवाब, आखिर सच किसका?
भोपाल 20 नवंबर 2026। राजधानी भोपाल के करोंद में करीब 96 लाख रुपये की शराब पकड़े जाने के मामले ने पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही शराब की खेप को लेकर दोनों विभागों के दावों में विरोधाभास सामने आने के बाद अब यह मामला राजनीतिक तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सवाल उठाया है कि जब पुलिस शराब को अवैध बता रही है, तो आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता कैसे प्रदर्शित हो रही है?
एक ही शराब, दो विभाग और दो अलग-अलग दावे!
जीतू पटवारी ने सवाल किया कि यदि शराब वैध थी तो पुलिस ने उसे अवैध बताकर कार्रवाई क्यों की? और यदि उसके परिवहन एवं भंडारण के वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे, तो आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता किस आधार पर दर्ज हुई? करीब 96 लाख रुपये की शराब की इतनी बड़ी खेप भोपाल तक पहुंचने के दौरान विभागीय निगरानी और जांच व्यवस्था कहां थी?
मुख्यमंत्री बताएं, जिम्मेदार कौन?: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूरे मामले में स्पष्ट जवाब मांगा है। उन्होंने पुलिस और आबकारी विभाग के दावों की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने और शराब के परिवहन एवं भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की मांग की है।
अब जवाबदेही तय करने का सवाल
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विभागीय ऑनलाइन रिकॉर्ड और मैदानी कार्रवाई के बीच कोई गंभीर विसंगति है? क्या दस्तावेजों के सत्यापन में लापरवाही हुई या फिर किसी स्तर पर गड़बड़ी को नजरअंदाज किया गया? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा। लेकिन 96 लाख रुपये की शराब के मामले में पुलिस और आबकारी विभाग के अलग-अलग दावों ने प्रदेश की आबकारी निगरानी व्यवस्था को कठघरे में जरूर खड़ा कर दिया है।
