भाजपा ने बिना भेदभाव के ग्वालियर का विकास किया: प्रद्युम्न सिंह तोमर
ग्वालियर 27 अप्रैल 2024 । ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए वार्ड क्रमांक 1 में जनसंपर्क कर वोट मांगे और भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाहा को जिताने की अपील की। उन्होंने वार्ड क्रमांक 1 के राणाजी का पुरा, सुभाष नगर, जेल कालोनी, इस्लाम पुरा, के मतदाताओं से कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है।
इस मौके पर उनके साथ श्री जगतसिंह कौरव, राजकुमार परमार, वैमल सेंगर, राकेश जैन, विमल हलचल, गजाधर, कैलाश प्रजापति सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने कोरोना काल में जरूरतमंदों को राशन देते समय कोई भेदभाव नहीं किया। खुले आसमान के नीचे सिर छुपाने के लिए प्रधानमंत्री आवास देते समय भेदभाव नहीं किया। ग्वालियर के विकास में कभी धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया। आगे भी भाजपा बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के आधार पर हर युवा को रोजगार दिलाने के संकल्प को पूरा करेगी।
इसके पूर्व ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मतदाता पर्चियों का वितरण भी किया तथा वार्ड 17 के कांच मील क्षेत्र में वरिष्ठजनों के साथ बैठक में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर सर्व श्री योगेन्द्र सिंह तोमर, महेन्द्र आर्य, मायाराम तोमर, राजू सिकरवार आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने हजीरा चौराहे पर स्थित चौहान रस भंडार पर गन्ना मशीन से अपने हाथों से गन्ने का रस निकालकर भाजपा कार्यकर्ताओं को पिलाया।
