ब्रेकिंग

ग्वालियर में अब दिल्ली-NCR के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी

यशोदा मेडिसिटी के विशेषज्ञ हर माह पहले गुरुवार को शाश्वत चिकित्सालय में देंगे परामर्श

ग्वालियर 21 सितंबर 2026। दिल्ली-NCR के प्रमुख सुपर स्पेशलिटी अस्पताल यशोदा मेडिसिटी के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी अब ग्वालियर में शुरू होने जा रही है। हर माह के प्रथम गुरुवार को गोले का मंदिर स्थित शाश्वत चिकित्सालय में यशोदा मेडिसिटी के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे।

यशोदा मेडिसिटी के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. सुनील डगर, वरिष्ठ निदेशक स्त्री रोग कैंसर एवं रोबोटिक सर्जरी डॉ. सतविंदर कौर तथा वरिष्ठ सलाहकार बाल हृदय शल्य चिकित्सक डॉ. अभिनव सिंह चौहान ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी।

स्त्री रोग कैंसर से लेकर बाल हृदय रोग तक विशेषज्ञ परामर्श

चिकित्सकों ने बताया कि ओपीडी में स्त्री रोग कैंसर, रोबोटिक एवं मिनिमली इनवेसिव सर्जरी के साथ जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों, विशेषकर दिल में छेद जैसी समस्याओं के संबंध में विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। मरीजों की प्रारंभिक जांच ग्वालियर में ही की जाएगी।

जिन मरीजों को जटिल सर्जरी या उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें यशोदा मेडिसिटी दिल्ली-NCR में उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को शुरुआती स्तर पर दिल्ली जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें अपने शहर में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह मिल सकेगी।

बीमा सुविधा का भी मिलेगा लाभ

यशोदा मेडिसिटी प्रबंधन के अनुसार, पात्र मरीजों को सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के साथ-साथ निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले बीमा का लाभ भी उपचार के लिए दिया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का प्रमुख उद्देश्य ग्वालियर एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उनके शहर के नजदीक ही उच्च स्तरीय सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराना है। यशोदा मेडिसिटी दिल्ली-NCR में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाला 1200 बेड का मल्टी एवं सुपर स्पेशलिटी अस्पताल है।