ब्रेकिंग

ग्वालियर में आर्मी सप्लाई की शराब का अवैध कारोबार, एक्स सर्विसमैन गिरफ्तार

गोला का मंदिर के रिहायशी मकान से 26 बल्क लीटर ब्रांडेड शराब जब्त, दूसरे सैन्यकर्मियों के कार्ड से शराब खरीदने की आशंका

ग्वालियर 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर देशभर में ड्राई डे है। इसी बीच ग्वालियर में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गोला का मंदिर इलाके में एक रिहायशी मकान पर दबिश देकर करीब 26 बल्क लीटर ब्रांडेड अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। खास बात यह है कि जब्त शराब आर्मी के लिए सप्लाई होने वाली शराब बताई जा रही है। कार्रवाई में एक रिटायर्ड एक्स सर्विसमैन को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, ग्वालियर आबकारी विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गोला का मंदिर इलाके में आर्मी के लिए सप्लाई होने वाली ब्रांडेड शराब को अवैध रूप से बाजार में बेचा जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद आबकारी विभाग की टीम ने प्रगति विहार स्थित एक रिहायशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान से बड़ी संख्या में अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतलें मिलीं। शराब की जांच और बार कोड स्कैन करने पर आबकारी विभाग के मुताबिक इसके आर्मी सप्लाई की शराब होने की जानकारी सामने आई। मौके से करीब 35 बोतल, यानी लगभग 26 बल्क लीटर शराब जब्त की गई।

जब्त शराब में 100 पाइपर, ब्लैक डॉग, टीचर्स और सिग्नेचर सहित कई ब्रांडेड शराब शामिल है। कार्रवाई के दौरान मकान से निरंजन सिंह तोमर नाम का रिटायर्ड एक्स सर्विसमैन मिला, जिसे आबकारी विभाग ने गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग के मुताबिक आरोपी यह शराब बाजार कीमत से करीब आधी कीमत में बेच रहा था। दबिश प्रभारी शिवा रघुवंशी के अनुसार निरंजन सिंह तोमर खुद एक्स सर्विसमैन है और आशंका है कि वह दूसरे रिटायर्ड सैन्यकर्मियों के कार्ड के जरिए आर्मी कैंटीन से शराब लेकर उसे बाजार में बेचता था।

हालांकि, कार्रवाई के दौरान मौके से कोई कैंटीन कार्ड बरामद नहीं हुआ है। अब आबकारी विभाग गिरफ्तार एक्स सर्विसमैन से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटा है कि आर्मी कैंटीन की शराब उसके पास कैसे पहुंचती थी और इस कथित अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पूछताछ के बाद इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

बाइट- शिवा रघुवंशी, टीम लीडर, आबकारी विभाग