भोपाल, 26 अप्रैल 2026। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार ग्वालियर विकास प्राधिकरण में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश में श्री मधुसूदन भदौरिया को प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि श्री सुधीर गुप्ता एवं श्री वेद प्रकाश शिवहरे को उपाध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा यह नियुक्ति मध्यप्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा-40 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए की गई है। आदेश के अनुसार सभी नियुक्तियां कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील होंगी और आगामी आदेश तक लागू रहेंगी।
गौरतलब है कि श्री मधुसूदन भदौरिया पूर्व में जीवाजी विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद के सदस्य रह चुके हैं, जिससे उनके प्रशासनिक एवं शैक्षणिक अनुभव को इस नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राधिकरण में नई टीम से विकास को मिलेगी गति
नई नियुक्तियों के साथ ग्वालियर विकास प्राधिकरण में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, आवासीय योजनाओं एवं शहरी विस्तार से जुड़े लंबित प्रोजेक्ट्स पर अब तेजी से निर्णय लिए जाने की संभावना है।
