ग्वालियर 23 जून 2026। नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मल्टी लेवल कार पार्किंग (एमएलसीपी) में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार डीवाटरिंग का कार्य तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले या बिना सूचना कार्य करने वाले वेंडरों को नोटिस जारी कर पेनल्टी लगाई जाए।
स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मल्टी लेवल कार पार्किंग, सचिन तेंदुलकर रोड, फसाड लाइटिंग, गेन्ट्री, कटोराताल म्यूजिकल फाउंटेन और अन्य परियोजनाओं के संचालन एवं प्रबंधन (ओएंडएम) तथा निविदा प्रक्रिया की समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि एमएलसीपी के अंतिम तल से डीवाटरिंग के साथ प्रथम एवं द्वितीय तल के कार्य पूर्ण कर इन तलों की पार्किंग जल्द शुरू की जाए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को लेकर सर्वे कर आवश्यक प्रावधानों के बिंदु तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।
सचिन तेंदुलकर रोड परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और आमजन को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जून माह के अंत तक हर हाल में सड़क का एक हिस्सा यातायात के लिए खोल दिया जाए। गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक के दौरान सचिन तेंदुलकर रोड के सौंदर्यीकरण का प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। इस पर निगमायुक्त ने सुझाव दिया कि सड़क के सौंदर्यीकरण में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर से जुड़ी जानकारियों और उपलब्धियों को भी शामिल किया जाए। इसके अलावा गेन्ट्री, फसाड लाइटिंग, कटोराताल म्यूजिकल फाउंटेन सहित अन्य स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के संचालन एवं रखरखाव की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
