मुख्यमंत्री ने सवा करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 2148.30 करोड़ रुपए किए अंतरित, मैहर में कई विकास कार्यों की घोषणा
मैहर, 19 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मैहर में आयोजित राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किश्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के रूप में कुल 1750 रुपए की राशि अंतरित की। सिंगल क्लिक के माध्यम से बहनों के खातों में कुल 2148.30 करोड़ रुपए भेजे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन वर्ष में एक बार आता है, जबकि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों को हर माह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे के साथ राशि अंतरित की। इस दौरान लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और जनअभियान परिषद की नवांकुर सखियों ने उन्हें विशाल राखी भेंट की। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल बहनों पर पुष्प वर्षा भी की।
39 किश्तों में 63 हजार करोड़ से अधिक की राशि
सरकार के अनुसार, जून 2023 में योजना शुरू होने से अगस्त 2026 तक 39 किश्तों में लाड़ली बहनों के खातों में 63,248 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23,882.81 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों तक लाड़ली बहना योजना जारी रखने का निर्णय लिया है। इस अवधि में बहनों को 1.14 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि दिए जाने का अनुमान है। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात भी कही।
मैहर को 256 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पुलिस, जल संरक्षण और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्य शामिल हैं।
मैहर में लगभग 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक के प्रथम चरण के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। वहीं करीब 54 करोड़ रुपए की धनवाही माइक्रो सिंचाई परियोजना का भी भूमिपूजन हुआ। परियोजना से लगभग 3500 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा सांदीपनि विद्यालय, शासकीय महाविद्यालय भवन, छात्रावास, पुलिस कंट्रोल रूम, हाईस्कूल भवन और धर्मशाला सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
मैहर के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें बदेरा पहाड़ में 132 केवी सब स्टेशन, 25 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्टेडियम, 50 करोड़ रुपए से लिलजी जलाशय का नवीनीकरण, सर्वसुविधायुक्त अस्पताल और 5000 गौवंश क्षमता की गौशाला शामिल हैं।
घुनवारा में आईटीआई संस्थान स्थापित करने तथा स्कूल के उन्नयन की भी घोषणा की गई। सम्मेलन में शामिल आल्हा गायन समितियों को 25-25 हजार रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।
सिंचाई, नशामुक्ति और धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्य क्षेत्र के किसानों को बरगी नहर परियोजना से लाभ मिलेगा और सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पशुपालन और गौपालन को बढ़ावा देने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने पर भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश के 19 धार्मिक स्थलों पर शराब की दुकानें बंद की गई हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए राज्य सरकार ने संकल्प पारित किया है।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, क्षेत्रीय सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।
