ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय से संबद्ध कमला राजा गर्ल्स कॉलेज की शोधार्थी रीना शर्मा को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है।
महलगांव सिटी सेंटर, ग्वालियर निवासी रीना शर्मा ने गृह विज्ञान विषय के अंतर्गत “सहरिया जनजाति की महिलाओं में पोषण स्तर का सर्वेक्षणात्मक अध्ययन – ग्वालियर जिले के संदर्भ में” विषय पर अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह शोध कार्य कमला राजा गर्ल्स कॉलेज के गृह विज्ञान संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. शैलजा जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शोध में सहरिया जनजाति की महिलाओं के पोषण स्तर, स्वास्थ्य स्थिति एवं सामाजिक परिस्थितियों का गहन विश्लेषण किया गया है, जो भविष्य में जनजातीय क्षेत्रों में पोषण सुधार योजनाओं के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने रीना शर्मा को शुभकामनाएं दी हैं।
