ब्रेकिंग

स्वदेशी के अखिल भारतीय अधिकारियों ने किया मेले का अवलोकन

ग्वालियर। आगामी दीपोत्सव 2026 स्वदेशी मेले की तैयारियों को लेकर स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय अधिकारियों ने मेला परिसर का भ्रमण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने को लेकर आवश्यक चर्चा की।

भ्रमण के दौरान स्वावलंबी भारत अभियान के अखिल भारतीय सह-समन्वयक जितेंद्र गुप्त एवं अखिल भारतीय सह मेला प्रमुख साकेत राठौर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन, मेला संयोजक आर.पी. माहेश्वरी, प्रांत सह-संयोजक राकेश शर्मा, मेला सह-संयोजक रीना गांधी, आदेश शर्मा एवं मुकेश अग्रवाल सहित सौरभ खंडेलवाल, विजय दुबे, धर्मेन्द्र शर्मा, शिवेंद्र कौरव, लोकेंद्र राजपूत और दीपक शर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मेले में लगने वाले विभिन्न स्टॉल, आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं तथा अन्य तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और मेले को अधिक आकर्षक एवं सफल बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।

आयोजकों ने बताया कि दीपोत्सव 2026 स्वदेशी मेला स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन देने के साथ आमजन को स्वदेशी वस्तुओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। मेले की तैयारियां तेजी से जारी हैं और आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बना हुआ है।