ब्रेकिंग

मध्य रात्रि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे ऊर्जा मंत्री श्री तोमर को ड्यूटी पर नहीं मिले अधिकारी 

यही रवैया रहा तो सख्ती करने में देर नहीं लगेगी – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर 

ग्वालियर 09 मई 2026 । उप नगर ग्वालियर को सीवर की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए दिन रात एक कर रहे। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शुक्रवार देर रात अचानक पीएचई कॉलोनी स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। रात 11:00 बजे उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया तो वहां ड्यूटी पर सिर्फ एक चौकीदार मिला। यहां ड्यूटी पर तैनात न तो अधिकारी मौजूद थे और न ही कर्मचारी। ऐसी स्थिति में उन्होंने मौके से ही अधिकारियों को फोन लगाकर न सिर्फ फटकार लगाई, बल्कि साफ-साफ कह दिया, अगर यही रवैया रहा, तो उन्हें सख्ती करने में देर नहीं लगेगी। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर के रात को हुए इस औचक निरीक्षण से नगर निगम में हड़कंप मच गया।

भगवान भरोसे चल रहे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति को देखकर समझा जा सकता है कि नगर निगम में वाटर सप्लाई सीवर सफाई और स्वच्छता के कामों की धरातल पर क्या स्थिति है। यहां उन्हें एक कर्मचारी मिला, जिसने उन्हें बताया कि प्लांट पर कितने कर्मचारियों और कितने अधिकारियों की ड्यूटी है। हालत यह है कि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर एक तरफ शहर में सीवर सफाई को पहली प्राथमिकता पर लेकर काम कर रहे हैं और इसके लिए उन्होंने जन कल्याण समिति की तरफ से सुपर सकर मशीन को 3 महीनों के लिए किराए पर भी लिया है और स्वयं इस काम की नियमित मॉनीटरिंग कर रहे हैं। इतना ही नहीं इसके लिए वह खुद जहां-जहां सीवर सफाई का काम चल रहा है, मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर रहे हैं।