ब्रेकिंग

राहुल गांधी ने की आकांक्षा चतुर्वेदी के परिजनों से बातचीत

NEET परीक्षा निरस्त होने से दुखी मप्र की छात्रा ने नागपुर में की थी आत्महत्या

एनएसयूआई पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी ने कराई राहुल गांधी जी से बात, आर्थिक सहयोग की शेष राशि भी सौंपी गई

मऊगंज/रीवा। नीट परीक्षा से जुड़ी घटनाओं के बाद दिवंगत छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी के परिवार के साथ न्याय की लड़ाई में निरंतर खड़ी एनएसयूआई ने आज एक और महत्वपूर्ण पहल की। पूर्व एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी आज मऊगंज जिले के नई गड़ी गांव पहुंचकर आकांक्षा चतुर्वेदी के परिजनों से मुलाकात की।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने परिवार से मुलाकात के दौरान आश्वासन दिया था कि उनकी बात श्री राहुल गांधी से कराई जाएगी। इसी क्रम में आज मंजुल त्रिपाठी ने आकांक्षा के बड़े पिताजी एवं माताजी की राहुल गांधी से दूरभाष पर बातचीत कराई।

बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग और न्याय की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आकांक्षा के साथ जो अन्याय हुआ है, उसकी निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है।

इस अवसर पर परिवार को पूर्व में प्रदान की गई ₹2,50,000 की आर्थिक सहायता के अतिरिक्त केसीसी ऋण की शेष ₹50,000 राशि भी उपलब्ध कराई गई। इस प्रकार कुल ₹3,00,000 की आर्थिक सहायता परिवार को प्रदान की जा चुकी है। मंजुल त्रिपाठी ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता का विषय नहीं है, बल्कि एक बेटी को न्याय दिलाने का संकल्प है।