ब्रेकिंग

विकास और स्वच्छता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा ग्वालियर : ऊर्जा मंत्री तोमर

3.64 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, सुपर सकर मशीन से सीवर सफाई महाअभियान का निरीक्षण

ग्वालियर, 15 मई 2026। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि ग्वालियर अब तेजी से विकास और स्वच्छता की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और सरकार की प्रतिबद्धता से शहर की तस्वीर और तकदीर बदल रही है तथा जल्द ही ग्वालियर विकसित और स्वच्छ शहरों की श्रेणी में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

शुक्रवार को उप नगर ग्वालियर के वार्ड क्रमांक 4 एवं 12 में लगभग 3.64 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के बाद ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने क्षेत्र में चल रहे सुपर सकर मशीन आधारित सीवर सफाई महाअभियान का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों और स्वच्छता अभियान को जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान बताया।

मंत्री श्री तोमर ने कहा कि पहले उप नगर ग्वालियर की स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन अब लगातार विकास कार्यों के जरिए क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि नागरिकों के सम्मान और सुविधाओं में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, नाली, सीवर, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों के माध्यम से हर वार्ड और हर गली को बेहतर बनाने का अभियान जारी रहेगा।

कई विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने वार्ड 4 एवं 12 में पार्क निर्माण, सीसी रोड, नाला, नाली, सीवर लाइन, बाउंड्री वॉल और सामुदायिक भवन सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 24 बीघा कॉलोनी में पार्क निर्माण, गुरुनानक नगर में नाली निर्माण, बहोड़ापुर में सीसी रोड एवं सीवर लाइन, श्रीकृष्ण अपार्टमेंट से ओमनगर तक नाला निर्माण तथा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क और सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि ये सभी कार्य क्षेत्रवासियों को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सीवर सफाई चुनौती जरूर, लेकिन असंभव नहीं

सीवर सफाईभूमिपूजन कार्यक्रमों के बाद ऊर्जा मंत्री ने सदाशिव नगर स्थित गोरी शंकर स्कूल के सामने पहुंचकर सुपर सकर मशीन द्वारा सीवर लाइन सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से सीवर समस्या बनी हुई थी, लेकिन अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से इस समस्या का स्थायी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुपर सकर मशीनों के जरिए सफाई व्यवस्था अधिक तेज, प्रभावी और मजबूत बनेगी। “हमने सीवर सफाई के कार्य को अपने हाथ में लिया है और इसमें बदलाव लाकर दिखाएंगे,” उन्होंने कहा।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज स्वास्थ्य, सड़क, खेलकूद और शिक्षा सहित हर क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है। यही बदलाव जनता और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही ग्वालियर स्वच्छता के मामले में भी नंबर वन शहर बनेगा।

भूमि पूजनकार्यक्रमों के दौरान भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, वरिष्ठ कार्यकर्ता, नगर निगम, प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।