20 दिन की पूछताछ और दस्तावेज सत्यापन के बाद शुरू हुई वापसी की प्रक्रिया
ग्वालियर 25 अगस्त 2026। ऑपरेशन सिंदूर के बाद गृह मंत्रालय के निर्देश पर देशभर में संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान और उन्हें वापस भेजने की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में ग्वालियर क्राइम ब्रांच द्वारा हिरासत में लिए गए चार बच्चों समेत 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की विशेष टीम सभी 13 लोगों को सुरक्षा घेरे में लेकर बांग्लादेश सीमा के लिए रवाना हो गई है।
क्राइम ब्रांच ने 3 और 4 अगस्त की रात ग्वालियर के अलग-अलग संवेदनशील इलाकों में झुग्गियों के बीच चिन्हित ठिकानों पर दबिश देकर महिला और बच्चों समेत 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया था। इसके बाद करीब 20 दिनों तक उनके पहचान दस्तावेज, भारत में प्रवेश, स्थानीय संपर्क और अन्य जानकारियों का सत्यापन किया गया।
भारत में प्रवेश और स्थानीय नेटवर्क की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध नागरिक भारत में किस रास्ते से दाखिल हुए और ग्वालियर तक कैसे पहुंचे। साथ ही उनके संभावित स्थानीय सहयोगियों और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इनके अन्य साथी देश के दूसरे शहरों में तो नहीं रह रहे हैं और वे किन गतिविधियों अथवा व्यवसाय से जुड़े हैं।
पुलिस की विशेष टीम सभी 13 संदिग्धों को लेकर बांग्लादेश सीमा के लिए रवाना हुई है। सीमा पर बीएसएफ और संबंधित एजेंसियों के सहयोग से दस्तावेजों की जांच, पूछताछ और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार उन्हें बांग्लादेश भेजने की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी ग्वालियर से 11 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा जा चुका है।
