ग्वालियर 22 दिसम्बर 2025। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपनी अनूठी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। ग्वालियरवासियो की सुख-समृद्धि और सुविधाओं के लिए उनकी चिंता और समर्पण देखते ही बनता है। कुछ इसी तरह की बानगी सोमवार को उस समय देखने को मिली जब शहर से बाहर होते हुए भी अपने लोगों से सतत् सम्पर्क कर उनकी परेशानियों को दूर करने का जज्बा दिखाई दिया।
दरअसल ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार के दो साल के कार्यकाल के पूर्ण होने पर अपने विभाग की उपलब्धियों का लेखा-जोखा देने हेतु भोपाल गए हुए हैं। इस दौरान भी भीषण ठंड में अपने क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य की चिंता उन्हें सता रही थी। उन्होंने तत्काल दूरभाष सेवा के जरिए न केवल सिविल अस्पताल हजीरा में उपचार ले रहे एक-एक रोगी से बात की, बल्कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत भी जानी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों से मौसम में आए परिवर्तन को देखते हुए हर रोगी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने भोपाल स्थित शासकीय आवास से सिविल अस्पताल हजीरा, ग्वालियर में उपचाररत रोगियों से दूरभाष से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध बेहतर चिकित्सा सेवाओं, संवेदनशील देखभाल एवं रोगियों की आत्मसंतुष्टि को जानकर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह जानकर गर्व होता है कि ग्वालियर का सिविल अस्पताल हजीरा हर जरूरतमंद व्यक्ति की सेवा के लिए पूर्ण समर्पण भाव से तत्पर है। जनसेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता निरंतर मजबूत हो रही है।
