ग्वालियर 5 फरवरी 2026। ग्वालियर स्मार्ट सिटी इनक्यूबेशन सेंटर जी-इन्क्यूब द्वारा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार शहर की शैक्षणिक संस्थाओं से एमओयू किये जा रहे है। इसी कड़ी में जी इंक्यूब इन्क्यूबेशन सेंटर और महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस (एमएलबी) के बीच छात्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के माध्यम से अब कॉलेज के छात्र अपना स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त कर सकेंगे।
इस एमओयू पर जी-इन्क्यूब की ओर से प्रोजेक्ट डायरेक्टर गौरव शाक्य एवं एमएलबी कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार अग्रवाल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जी-इन्क्यूब टीम से मेघा उपाध्याय (इन्क्यूबेशन मैनेजर) एवं श्रुति अग्रवाल (प्रोजेक्ट एसोसिएट) भी उपस्थित रहीं। साथ ही एमएलबी कॉलेज के इनक्यूबेशन नोडल अधिकारी डॉ. त्रिलोचन भट्ट एवं प्रोफेसर डॉ. ए.के.मांडिल्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जी-इन्क्यूब के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह संस्था नवाचार, स्टार्टअप मार्गदर्शन, मेंटरशिप, व्यवसाय विकास एवं उद्यमिता से जुड़े आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराती है। जी-इन्क्यूब का उद्देश्य युवाओं को उनके नवाचार विचारों को सफल स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है। इसके पश्चात मेघा उपाध्याय एवं श्रुति अग्रवाल द्वारा यशस्विनी महिला सेल के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह पहल विशेष रूप से छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत उन्हें उद्यमिता प्रशिक्षण, कौशल विकास, वित्तीय जागरूकता तथा स्टार्टअप से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
इस एमओयू के माध्यम से एमएलबी कॉलेज के छात्रों को स्टार्टअप प्रशिक्षण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं नवाचार से जुड़े विभिन्न अवसरों का लाभ मिलेगा। कॉलेज प्रशासन ने इस पहल को छात्रों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह समझौता ग्वालियर क्षेत्र में स्टार्टअप संस्कृति को सुदृढ़ करने और युवाओं को स्वरोज़गार के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है।
