ब्रेकिंग

ग्वालियर में स्वास्थ्य और आधारभूत विकास को मिली रफ्तार, अक्टूबर तक शुरू होगा किशनबाग अस्पताल

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने निर्माणाधीन अस्पताल का किया निरीक्षण, 1.86 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी किया भूमिपूजन

ग्वालियर, 07 जुलाई। ग्वालियर के उपनगर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति देने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को निर्माणाधीन 30 बिस्तरीय किशनबाग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड क्रमांक 1 एवं 7 में लगभग 1.86 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने निर्माण एजेंसी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पताल निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा कर अक्टूबर माह में अस्पताल को आमजन के लिए समर्पित करने की तैयारी की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

करीब 573.78 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे तीन मंजिला, 30 बिस्तरीय किशनबाग अस्पताल से बहोड़ापुर, मोतीझील, पुरानी छावनी, ट्रांसपोर्ट नगर, बड़ा गांव, बजरंग कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों की लगभग एक लाख आबादी को लाभ मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद लोगों को सामान्य उपचार और प्रसूति सेवाओं के लिए लगभग 12 किलोमीटर दूर जयारोग्य चिकित्सालय (जेएएच) नहीं जाना पड़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और जेएएच पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।

इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड 1 एवं 7 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, मंडल अध्यक्ष, क्षेत्रीय पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता तथा जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत वितरण कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इस मौके पर श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और शहर को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार ही समग्र विकास की आधारशिला है और स्वच्छ, स्वस्थ तथा विकसित ग्वालियर का निर्माण उनकी प्राथमिकता है।

भूमि पूजनभूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बजरंग कॉलोनी एवं गुप्तेश्वर कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सीमेंट कंक्रीट सड़क एवं नाली निर्माण, गुप्तेश्वर मंदिर के सामने संत गाडगे महाराज (रजक समाज) सामुदायिक भवन का निर्माण, लक्ष्मीपुरम में नटखट हनुमान पार्क का निर्माण तथा प्रसाद नगर में सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। इन सभी कार्यों पर कुल लगभग 1.86 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी, नागरिकों को आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा और उपनगर ग्वालियर के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।