ग्वालियर 7 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति समिति तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम), ग्वालियर में पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पंजीकृत 166 विद्यालयों में से 117 विद्यालयों ने सहभागिता दर्ज कराई। प्रत्येक विद्यालय से तीन छात्र एवं एक शिक्षक ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की संस्कृति एवं पर्यटन से संबंधित वस्तुनिष्ठ प्रश्न लिखित परीक्षा में पूछे गए। लिखित परीक्षा के परिणामों के आधार पर शीर्ष छह टीमों का चयन मल्टीमीडिया क्विज के लिए किया गया। द्वितीय चरण में ऑडियो एवं वीडियो आधारित प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम के दौरान ऑडियंस राउंड का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीडी नगर मॉडल की टीम ने प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पागन वी.सी. ने द्वितीय तथा रामकृष्ण विद्या मंदिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीएम राइज विद्यालय बेरजा, मुरार चौथे, आर्मी पब्लिक स्कूल पाँचवें तथा सेंट जॉन वेनी स्कूल छठे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में आईआईटीटीएम के नोडल अधिकारी डॉ. सौरभ दीक्षित, प्रो. चंद्रशेखर बरुआ, परियोजना अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी श्री अनुपम शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सहायक संचालक श्रीमती पुष्पा ढोडी, जिला सांख्यिकी अधिकारी सुश्री अपर्णा कुशवाहा, क्विज मास्टर महेंद्र कुशवाहा एवं उनकी टीम सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
