ब्रेकिंग

प्रतिशोध की राजनीति बंद करे भाजपा सरकार, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करेगी

भोपाल 7 अगस्त 2026। प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा प्रतिशोध की राजनीति का माहौल बनाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, उनके परिजनों, सहयोगियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों, पुलिस कार्रवाई और प्रशासनिक दबाव के माध्यम से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। यह लोकतंत्र, संविधान और राजनीतिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।

विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह,विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक श्री फूल सिंह बरैया,विधायक श्री हेमंत कटारे, विधायक श्री सतीश सिकरवार, विधायक श्री महेश परमार, विधायक श्री पंकज उपाध्याय, विधायक श्री बाबू जंडेल, विधायक श्री दिनेश गुर्जर, विधायक श्री साहब सिंह गुर्जर, विधायक श्री नितेंद्र सिंह राठौड़, विधायक श्री कैलाश कुशवाह एवं विधायक श्री यादवेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि श्री जीतू पटवारी आज भाजपा सरकार के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक चुनौती बन चुके हैं, क्योंकि वे लगातार किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं तथा सरकार की जनविरोधी नीतियों को बेनकाब कर रहे हैं। इसी कारण सत्ता राजनीतिक द्वेष की भावना से उन्हें और उनके परिजनों व सहयोगियों को निशाना बना रही है।

विधायकों ने कहा कि 11 अगस्त को भोपाल में आयोजित होने वाली पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की बैठक में इस पूरे विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, उनके परिजनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इसी प्रकार बेवजह प्रताड़ित किया जाता रहा, तो एक दर्जन से अधिक कांग्रेस विधायकों का प्रतिनिधिमंडल इंदौर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर यह जानने का प्रयास करेगा कि आखिर लगातार राजनीतिक दबाव में ऐसी कार्रवाई क्यों की जा रही है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला और यह प्रताड़ना जारी रही, तो कांग्रेस इंदौर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर व्यापक जनआंदोलन करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर धरने पर भी बैठेगी। कांग्रेस विधायकों ने इंदौर पुलिस प्रशासन से राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर संविधान और कानून के अनुरूप निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई करने की अपील की।

विधायकों ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने देश की आजादी के आंदोलन का नेतृत्व किया है। हमारा इतिहास संघर्ष, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का रहा है। हम न कभी अन्याय के सामने झुके हैं और न भविष्य में झुकेंगे। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष पहले से अधिक मजबूती के साथ जारी रहेगा।