मंत्रिपरिषद के निर्णय प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को नई गति देने वाले हैं
भाजपा सरकार किसानों, गोपालकों, ग्रामीणों, सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने में जुटी है
ओंकारेश्वर के अद्वैत लोक से विश्व पटल पर स्थापित होगी मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक पहचान- श्री शैलेन्द्र बरूआ
भोपाल, 23/11/2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ ने सोमवार को मध्यप्रदेश मंत्रि-परिषद द्वारा लिए गए जनकल्याणकारी निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंत्रि-परिषद के निर्णय मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को नई गति देने वाले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों, ग्रामीणों, गोपालकों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जो आने वाले दिनों में प्रदेश की विकास को गति देंगे।
जरूरतमंद नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही सरकार
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। मंत्रि-परिषद के निर्णय प्रदेश के प्रत्येक वर्ग, किसान, ग्रामीण परिवार, पशुपालक और जरूरतमंद नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हैं। इन फैसलों से जहां ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, वहीं बिजली, सहकारिता, कृषि और सांस्कृतिक अधोसंरचना को भी नई मजबूती मिलेगी। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुने से अधिक करने और मध्यप्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल‘ बनाने के उद्देश्य से गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना का अनुसमर्थन अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय है। इस योजना से गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी उन्नत देशी गौवंशीय नस्लों का संरक्षण एवं संवर्धन होगा। गोपालकों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध होंगे। योजना के तहत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले गोपालकों को एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार दिए जाएंगे, इससे गांवों में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा और पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनेगा।
प्रदेश में सहकारिता व्यवस्था और सुदृढ़ होगी
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता देने का निर्णय सहकारिता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगा। रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी, जबलपुर, रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के जिला सहकारी बैंकों को इससे वित्तीय मजबूती मिलेगी। इसका सीधा लाभ किसानों और सहकारी संस्थाओं को बेहतर बैंकिंग सेवाओं के रूप में मिल सकेगा। प्रदेश की 1,834 बसाहटों के 46,574 घरों और 54 शासकीय सार्वजनिक संस्थानों के विद्युतीकरण के लिए 193 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति सरकार की संवेदनशीलता और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे अब तक बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीण परिवारों के घरों में रोशनी पहुंचेगी। शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सार्वजनिक सेवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये की स्वीकृति मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला निर्णय है।
सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को वर्ष 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये तथा अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति से प्रशासनिक व्यवस्थाओं और जरूरतमंद लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की निरंतरता बनी रहेगी। बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के निर्वाचन की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय वर्तमान परिस्थितियों में समितियों के सुचारू संचालन और सहकारिता व्यवस्था को व्यवस्थित करने में सहायक होगा।
