ग्वालियर 10 जुलाई 2024/ जिले में संचालित किए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आज शिवपुरी शहर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रमों में संभाग आयुक्त मनोज खत्री शामिल हुए। उन्होंने नवीन तहसील प्रांगण में तथा कब्रिस्तान के पास स्थित वन भूमि कक्ष क्रमांक 40 में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर आम सहित अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे।
संभाग आयुक्त ने इस अवसर पर कहा पौधरोपण अभियान के दौरान जो भी पौधा हमारे द्वारा रोपा जा रहा है, वह जीवित रहे और पौधे से पेड़ बने। उन्होंने कहा कि रोपे गए पौधे जब पेड़ बनेंगे तो निश्चित ही पर्यावरण के लिये उपयोगी सिद्ध होंगे।
बुधवार को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इनमें चम्पा, जामुन, आंवला, अर्जुन, शीशम, कचनार व अशोक इत्यादि प्रजातियां शामिल हैं। पौधरोपण कार्यक्रमों के दौरान कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, वन मण्डलाधिकारी सुधांशु यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
