डिंडोरी। जिले के नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कलेक्टर श्री हर्ष सिंह प्रदेश में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। पदभार ग्रहण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री विमलेश सिंह, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री सुनील शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों ने नये कलेक्टर श्री हर्ष सिंह का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सबसे पहले अपना परिचय देते हुए बताया कि वे 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, इससे पहले श्री सिंह धार, सिवनी, श्योपुर, सीहोर, ग्वालियर जिलों में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने सभी जिला अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया। सीईओ जिला पंचायत सुश्री विमलेश सिंह, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री सुनील शुक्ला, एसडीएम शहपुरा श्री अनुराग सिंह, एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री आर.पी. तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक एवं अन्य उक्त बैठक में अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग शासन की योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए अपनी कार्य योजनाओं का गंभीरता से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्य क्षेत्र में प्रभावी पर्यवेक्षण करें तथा अपना कार्य ईमानदारी से करें।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर हर्ष सिंह ने अधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी, उन्होंने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को सौंपे गये दायित्वों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिये।
जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के कार्यक्रम की समीक्षा, स्थल निरीक्षण किया
कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले में मुख्यमंत्री डाॅ. उन्होंने मोहन यादव के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्ययोजना की जानकारी लेकर सभी जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।