आपातकाल से युवाओं को परिचित कराने के लिए देश भर में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन
हमें हर जिम्मेदारी की समझ होना चाहिए तभी हम देश हित में काम करते हूए आगे बढ़ सकते है:श्री तोमर
ग्वालियर 28 जून 2025। 25 जून 1975 को कांग्रेस सरकार द्वारा घोषित किए गए आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर भाजपा पूरे देश में आपातकाल की भयावहता को नई पीढ़ी से अवगत कराने के लिए अभियान चला रही है। इसके तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पूरे देश में 100 जगहों पर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया है।
इसी सिलसिले में शनिवार को ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में मॉक पार्लियामेंट आयोजित की गई। इस दौरान संसद की तरह कार्यवाही हुई। जिसमें पक्ष और विपक्ष ने एक दूसरे पर आरोप लगाए और देश के सामने मौजूद चुनौतियों और मुद्दों पर चर्चा की। इस मौके पर मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख पार्लियामेंट में युवा मोर्चा के नेता रोहित जैन, मोर्चा के राष्ट्रीय कार्य समिति के अक्षय बंसल,विवेक प्रताप सिंह चौहान,हरीश यादव ग्वालियर में मोर्चा के अध्यक्ष रहे विनोद शर्मा, सोनू परमार के अलावा भिंड मुरैना सहित अंचल के युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहे। मॉक पार्लियामेंट के पीछे संगठन की क्या मंशा है, ग्वालियर के युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रतीक तिवारी ने इसकी जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा आज का युवा देश का भविष्य है। और आज जो भारतीय जनता युवा मोर्चा है वह कल भाजपा बनेगा। उन्होंने कहा कि युवा बेफिक्र और स्वच्छंद होते हैं क्योंकि उनके ऊपर कोई जिम्मेदारी नहीं रहती है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहां की बेफिक्र होना अच्छा है लेकिन बाखबर होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें हर जिम्मेदारी की समझ होना चाहिए। तभी हम देश हित में काम करते हुए आगे बढ़ सकते हैं।