ब्रेकिंग

CBSE के नियमों की धज्जियां उड़ाता “रामश्री”! एक एफिलिएश_दो स्कूल?

शिवपुरी लिंक रोड पर CBSE affiliation, हरिशंकरपुरम के रिहायशी कॉलोनी में छोटी कक्षाएं; दो अलग कैंपस का एक ही Affiliation No. 1030267 का इस्तेमाल ?

ग्वालियर। CBSE affiliation को लेकर ग्वालियर के “रामश्री इंडिया इंटरनेशनल” से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जो शिक्षा व्यवस्था की निगरानी करने वाले अधिकारियों के लिए गंभीर जांच का विषय है। सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि एक ही संस्था के स्कूल दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहे हैं, बल्कि सवाल यह है कि CBSE के रिकॉर्ड में जिस पते पर Senior Secondary School affiliated है, उससे करीब 6-7 किलोमीटर दूर हरिशंकरपुरम रिहायशी कॉलोनी में संचालित दूसरे केंपस में छोटी कक्षाओं के दस्तावेजों पर भी वही CBSE Affiliation Number 1030267 क्यों इस्तेमाल किया जा रहा है?

CBSE के रिकॉर्ड में Affiliation No. 1030267 के तहत Ramshree India International School का पता Chirwai Naka, Shivpuri Link Road, Gwalior दर्ज है। स्कूल का स्तर Senior Secondary Level है और वर्तमान affiliation अवधि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक दर्ज है, और वही स्कूल की अपनी Mandatory Public Disclosure में भी यही affiliation number और Shivpuri Link Road, Gwalior का पता दर्ज है।

हरिशंकरपुरम में अलग पता, लेकिन वही CBSE नंबर

दूसरी तरफ रामश्री किड्स की अपनी वेबसाइट पर पता D-46, 47 हरिशंकर पुरम ग्वालियर दर्ज है। यानी संस्था से जुड़े छोटे बच्चों के स्कूल (nursery – 4) का सार्वजनिक रूप से घोषित पता मुख्य CBSE स्कूल के पते से अलग है। लेकिन दोनों की सीबीएसई संबद्धता- 1030267 ?

स्थानीय स्तर पर उपलब्ध और मौके से मिली जानकारी के अनुसार पॉस कॉलोनी हरिशंकरपुरम के D-Block स्थित इस परिसर में Nursery से कक्षा 4 तक पढ़ाई संचालित होती रही है। बताया गया है कि यह परिसर करीब 2 से 3 हजार वर्गफीट के आवासीय प्लॉट/भवन में शासकीय भूमि पर कब्जे के साथ संचालित है, जिसमें खेल के मैदान के रूप में औपचारिकता मात्र है। लेकिन असली सवाल तब खड़ा होता है जब इस परिसर में पढ़ने वाले बच्चों के शैक्षणिक दस्तावेज सामने आते हैं।

कक्षा-2 की प्रोग्रेस रिपोर्ट और कक्षा 9 की मार्कशीट—एक ही Affiliation Number

उपलब्ध मूल दस्तावेजों में हरिशंकरपुरम परिसर में पढ़ने वाली कक्षा-2 की छात्रा/छात्र की Progress Report पर “Ramshree India International School, Gwalior – Affiliated to C.B.S.E._ Affiliation No. 1030267” अंकित है। इतना ही नहीं, शिवपुरी लिंक रोड स्थित मुख्य स्कूल की कक्षा-9 की Marksheet पर भी वही Affiliation No. 1030267 दर्ज है।

यानी सवाल यह है कि यदि हरिशंकरपुरम परिसर अलग पते पर संचालित Ramshree Kids है, तो वहां की छोटी कक्षाओं के दस्तावेजों पर मुख्य CBSE-affiliated स्कूल का वही affiliation number किस अधिकार और किस स्वीकृति के आधार पर इस्तेमाल किया जा रहा है?

पुराना दस्तावेज भी पैदा करता है नया सवाल

इस मामले को और गंभीर बनाता है वर्ष 2011-12 का Achievement Record, जो उपलब्ध है। उस पर भी Ramshree India International School, Gwalior, “Affiliated to C.B.S.E.” और Affiliation No. 1030267 स्पष्ट रूप से अंकित है तथा दस्तावेज Class I-V का है।

इससे यह सवाल और गहरा हो जाता है कि आखिर CBSE affiliation number का इस्तेमाल छोटी कक्षाओं के लिए किस परिसर और किस स्वीकृति के आधार पर किया जाता रहा है। हालांकि केवल इस पुराने दस्तावेज से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि 2011 में हरिशंकरपुरम का परिसर ही CBSE के लिए स्वीकृत था। इसके लिए उस समय का मूल CBSE affiliation/extension letter और संबंधित भूमि-पता दस्तावेज सामने आना जरूरी है।

मुख्य स्कूल की वेबसाइट खुद बताती है: Classes V से XII

मामले में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आता है। Ramshree India International School की अपनी वेबसाइट पर स्कूल को Classes V to XII के लिए CBSE affiliated school बताया गया है। इसमें स्कूल की वर्ष 2025-26 की प्रकाशित fee structure में भी Class V-VIII, IX-X और XI-XII की फीस अलग-अलग दी गई है।

यानी वर्तमान सार्वजनिक जानकारी के अनुसार मुख्य परिसर शिवपुरी लिंक रोड में V से XII तक की पढ़ाई पर जोर है, जबकि हरिशंकरपुरम में Ramshree Kids का कोई जक्र नहीं।

अब शिक्षा विभाग और CBSE को देना होगा जवाब

इस पूरे मामले में अब जांच के लिए कुछ सीधे सवाल हैं—

1. क्या D-46, 47 हरिशंकरपुरम परिसर CBSE के Affiliation No. 1030267 के तहत विधिवत स्वीकृत है या एक एप्लीकेशन पर दो केंपस ?

2. यदि हां, तो उसका CBSE Branch School approval/order कहां है?

3. क्या हरिशंकरपुरम परिसर का अलग Recognition Certificate, UDISE, Land Certificate, Building Safety और Fire Safety Certificate उपलब्ध है?

4. क्या CBSE के रिकॉर्ड में हरिशंकरपुरम परिसर का पता दर्ज है?

5. यदि CBSE affiliation केवल शिवपुरी लिंक रोड परिसर के लिए है, तो हरिशंकरपुरम में पढ़ने वाले बच्चों की Progress Report पर उसी affiliation number का इस्तेमाल किस आधार पर किया जा रहा है?

6. क्या CBSE को हरिशंकरपुरम परिसर की वास्तविक भूमि और भवन की जानकारी दी गई है?

मामला सिर्फ जमीन और एप्लीकेशन का नहीं, बच्चों के भविष्य का भी

CBSE के नियमों में affiliation केवल स्कूल के नाम पर कोई सामान्य प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि स्कूल को निर्धारित infrastructure, भवन, सुरक्षा, मान्यता और अन्य शर्तों का पालन करना होता है। CBSE स्वयं affiliated school से संबंधित दस्तावेजों और Mandatory Public Disclosure को सार्वजनिक रखने की व्यवस्था करता है। इसलिए यदि एक परिसर में CBSE से संबद्ध मुख्य स्कूल चल रहा है और उसी affiliation number से छोटी कक्षाओं का संचालन दूसरे केंपस में हो रहा है, तो दूसरे कैंपस की वैधानिक स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

यहां सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हरिशंकरपुरम का स्कूल वास्तव में CBSE के किन प्रावधानों अंतर्गत इसी एफीलिएशन से संचालित है, या फिर मुख्य स्कूल की affiliation का इस्तेमाल कर अभिभावकों को CBSE affiliation का भरोसा दे कर उनके साथ छलावा किया जा रहा है? जब तक CBSE और जिला शिक्षा विभाग इस सवाल का दस्तावेजी जवाब नहीं देते, तब तक Ramshree Kids की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब देखना यह है कि CBSE और शिक्षा विभाग इस छलावे रूपी सवाल की जांच करते हैं या फिर शिवपुरी लिंक रोड की affiliation के सहारे हरिशंकरपुरम में चल रही व्यवस्था को भी आंख मूंदकर वैध मान लिया जाता है।

पड़ताल अभी जारी है… आगे और खुलासे..