7.13 करोड़ की स्मार्ट रोड परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे हिस्से में निर्माण जारी
वाटर हार्वेस्टिंग, हरियाली, वॉल पेंटिंग और क्रिकेट प्रतीकों से मिलेगा नया स्वरूप
ग्वालियर, 08 जुलाई 2026। ग्वालियर स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन की महत्वाकांक्षी सचिन तेंदुलकर स्मार्ट रोड परियोजना अब तेजी से आकार लेने लगी है। करीब 7 करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहे 2460 मीटर लंबे मार्ग के एक हिस्से में दो परतों वाला डामरीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि दूसरी ओर सड़क निर्माण, पाथवे और अन्य आधारभूत सुविधाओं का कार्य तेज गति से जारी है।
परियोजना के तहत डिवाइडर के दोनों ओर 8-8 मीटर चौड़ी आधुनिक सड़क बनाई जा रही है। बरसात में जलभराव की समस्या से बचाने के लिए भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से वर्षा जल को चाणक्यपुरी नाला एवं मुरार नदी तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। जलभराव वाले लगभग 230 मीटर क्षेत्र में सीमेंट कंक्रीट (सीसी) सड़क तथा शेष हिस्से में उच्च गुणवत्ता की डामरीकरण सड़क बनाई जाएगी।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए बनेगा आकर्षण का नया केंद्र
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दूसरे चरण में पूरे मार्ग का विकास क्रिकेट थीम पर किया जाएगा। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के नाम पर बने इस मार्ग को उनकी उपलब्धियों और क्रिकेट संस्कृति से जोड़कर विशेष पहचान दी जाएगी। योजना के अनुसार—
- डिवाइडर पर क्रिकेट बैट (बल्ले) की आकर्षक कलाकृतियां स्थापित होंगी, जिन पर सचिन तेंदुलकर के हस्ताक्षरों की प्रतिकृति रहेगी।
- फुटपाथ पर क्रिकेट थीम आधारित आधुनिक बेंच लगाई जाएंगी।
- मार्ग की दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग के माध्यम से सचिन तेंदुलकर के ऐतिहासिक क्रिकेट क्षणों और कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम से जुड़े उनके यादगार प्रदर्शन को दर्शाया जाएगा।
- पूरी सड़क को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जिससे यह शहर के प्रमुख पर्यटन एवं सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी विकसित हो सके।
सिर्फ सड़क नहीं, पर्यावरण संरक्षण का भी मॉडल बनेगी परियोजना
स्मार्ट रोड को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए वर्षा जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। निचले क्षेत्रों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित किया जाएगा, जिससे वर्षा जल का संरक्षण कर भू-जल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।
साथ ही नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) के तहत मार्ग के दोनों ओर व्यापक पौधरोपण एवं हरित पट्टी विकसित की जाएगी। इससे धूल प्रदूषण कम होगा, गर्मी से राहत मिलेगी और राहगीरों को छायादार एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।
शहर को मिलेगी नई पहचान: स्मार्ट सिटी अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक शहरी अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और खेल संस्कृति को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। निर्माण पूर्ण होने के बाद सचिन तेंदुलकर मार्ग ग्वालियर की सबसे आकर्षक और आधुनिक सड़कों में शामिल होगा तथा शहर की नई पहचान बनेगा। कलेक्टर एवं नगर निगम कमिश्नर द्वारा सशक्त निगरानी के चलते किसी भी तरह की छोटी-मोटी कमी को भी नजरअंदाज नहीं किया जता।
