ग्वालियर 20 अप्रैल 2026। झाँसी मंडल के ग्वालियर लोबी में एक प्रेरणादायक फैमिली सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर, मुख्य क्रू नियंत्रक, रनिंग रूम इंचार्ज, 4 मुख्य लोको निरीक्षक सहित कुल 11 परिवारों के सदस्य, 10 बच्चे और 30 लोको पायलट/सहायक लोको पायलट (LP/ALP) शामिल हुए।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य लोको पायलटों के चुनौतीपूर्ण कार्य-दिवस में उनके परिवारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था। अधिकारियों ने बताया कि सकारात्मक और सहयोगात्मक पारिवारिक माहौल न केवल मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि सुरक्षित ट्रेन संचालन में भी अहम भूमिका निभाता है।
काउंसलिंग में दिए गए महत्वपूर्ण सुझाव
कार्यक्रम के दौरान लोको पायलटों की पत्नियों के साथ विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें निम्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई—
घर में शांतिपूर्ण एवं विश्रामयुक्त वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता
ड्यूटी पर जाते समय पति को मानसिक तनाव से मुक्त रखने की प्रेरणा
SPAD (सिग्नल पास्ड एट डेंजर) या दुर्घटनाओं की स्थिति में परिवार पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी
घरेलू कार्यों में सहयोग देकर सकारात्मक पारिवारिक वातावरण तैयार करने का आग्रह
रनिंग स्टाफ से संबंधित शिकायतों और सुझावों का संकलन
वीडियो, नाटक और क्विज़ से जागरूकता
सेमिनार में सेफ्टी टीम द्वारा तैयार नुक्कड़ नाटक का वीडियो तथा “रवि का घर” विषयक सेफ्टी वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिससे सुरक्षा संबंधी पहलुओं को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया गया। साथ ही, एक फैमिली क्विज़ का आयोजन कर कार्यक्रम को रोचक बनाया गया।
स्वास्थ्य पर भी दिया गया सुझाव
कार्यक्रम के दौरान एक परिवार सदस्य ने लोको पायलट/सहायक लोको पायलट के लिए PME (Periodic Medical Examination) के अलावा नियमित रूटीन चेकअप की व्यवस्था करने का सुझाव भी रखा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पत्नियों एवं बच्चों को उपहार भेंट किए गए तथा सभी के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यह सेमिनार न केवल पारिवारिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास था, बल्कि रेलवे सुरक्षा के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
