अमर शहीद राजा डेलन शाह एवं राजा नरवर शाह को श्रद्धांजलि,1857 की क्रांति के वीरों के बलिदान को किया नमन
भाजपा सरकार महान वीरों की स्मृतियों संरक्षण के लिए कर रही निरंतर कार्य : सांसद दर्शन सिंह
तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढिलवार में ₹25 लाख की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
होशंगाबाद। नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, क्षेत्रीय विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटैल एवं पूर्व मंत्री श्री जालम सिंह पटैल की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अमर शहीद राजा डेलन शाह एवं राजा नरवर शाह के बलिदान दिवस पर शहीद स्मारक पहुंचकर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अद्वितीय शौर्य और बलिदान को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि राजा डेलन शाह एवं राजा नरवर शाह 1857 की क्रांति के महानायक थे, जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। नरसिंहपुर जिले की धरती आज भी उनके पराक्रम और बलिदान की गौरवगाथा सुनाती है।
उन्होंने कहा कि राजा डेलन शाह का जन्म 13 अगस्त 1802 को हुआ था। वे गोंड राजा विश्राम शाह एवं रानी हीराकुंवर शाह के पुत्र थे। उन्होंने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध किसानों और आदिवासी योद्धाओं को संगठित कर संघर्ष का नेतृत्व किया। वर्ष 1857 की क्रांति में उन्होंने राजा नरवर शाह, नवाब आदिल मोहम्मद खान एवं अन्य क्रांतिकारियों के साथ मिलकर तेंदूखेड़ा क्षेत्र में अंग्रेजों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी। बाद में अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर 16 मई 1858 को सार्वजनिक रूप से फांसी दे दी।
राजा नरवर शाह, ढिलवार के गोंड राजा थे तथा राजा डेलन शाह के घनिष्ठ सहयोगी रहे। उन्होंने भी अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्रोह दबाए जाने के बाद अंग्रेजों ने उन्हें गिरफ्तार कर रहली जेल में बंद कर दिया, जहां उनका निधन हो गया।
कार्यक्रम में सांसद श्री चौधरी ने कहा गया कि ग्राम ढिलवार एवं मदनपुर स्थित प्राचीन किले आज भी स्वतंत्रता संग्राम की अमर गाथा के साक्षी हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार ऐसे महान वीरों की स्मृतियों एवं स्मारकों के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटैल, नगर परिषद अध्यक्ष पंडित विष्णु शर्मा, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
