₹1.72 लाख जुर्माना वसूला, ग्वालियर में पैंट्री कारों की भी हुई जांच
ग्वालियर/झांसी 9 सितंबर 2026। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और स्वच्छ यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झांसी मंडल में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों के साथ-साथ ट्रेनों की खानपान व्यवस्था के विरुद्ध भी सघन जांच अभियान चलाया गया। 9 सितंबर को मुरैना रेलवे स्टेशन और झांसी-उरई रेलखंड में हुई कार्रवाई में कुल 184 मामलों में कार्रवाई कर ₹1,59,210 का जुर्माना वसूल किया गया। वहीं ग्वालियर स्टेशन पर तीन ट्रेनों की पैंट्री कारों का औचक निरीक्षण कर लावारिस खानपान सामग्री जब्त की गई।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक ग्वालियर आर.के.वर्मा के नेतृत्व में मुरैना स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक अभियान चलाया गया। स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों और आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई।
अभियान के दौरान 14 ट्रेनों में सघन जांच की गई। इनमें आगरा-झांसी एक्सप्रेस, गांधीधाम-ग्वालियर एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, पंजाब मेल, मंगला एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, झांसी-आगरा मेमू, सचखंड एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल रहीं। महिला एवं दिव्यांग कोचों की भी विशेष जांच की गई।
जांच में 152 बिना टिकट, अनियमित यात्रा एवं गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1,34,000 का जुर्माना वसूला गया। सघन जांच के कारण स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों में हड़कंप रहा और टिकट खिड़कियों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई।
इसी क्रम में झांसी-उरई रेलखंड में भी टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीना के नेतृत्व में पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस और कानपुर-मदुरई एक्सप्रेस की जांच की गई। यहां 32 मामलों में कार्रवाई कर ₹25,210 का जुर्माना वसूला गया।
ग्वालियर में पैंट्री कारों की भी जांच
ग्वालियर स्टेशन पर यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के लिए तीन ट्रेनों की पैंट्री कारों का औचक निरीक्षण किया गया। ट्रेन संख्या 18237, 16787 और 11077 की पैंट्री कारों की सघन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2/3 पर कुछ खानपान सामग्री लावारिस हालत में पड़ी मिली, जिसे अधिकारियों ने तत्काल जब्त कर एलपीओ क्रमांक 88, दिनांक 09/09/2026 के तहत विधिवत जमा कराया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा ट्रेनों एवं स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और अव्यवस्थित खानपान के विरुद्ध ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।वहीं 8 सितंबर को ग्वालियर-भिंड खंड में चलाए गए टिकट जांच अभियान में 25 प्रकरण दर्ज कर ₹13,165 रेल राजस्व वसूल किया गया।
