दिवंगत विद्युत कर्मी की पत्नी को सौंपा 4 लाख का चैक
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने जनसुनवाई में किया समस्याओं का त्वरित समाधान
ग्वालियर 09 मई 2026। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को अपने 38, ग्वालियर रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान समस्याओं का त्वरित निराकरण किया। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में कार्यरत दतिया के कर्मचारी सानू ख़ान की पत्नी को 4 लाख की आर्थिक सहायता राशि का चैक भी प्रदान किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर जरुरतमंद को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। इसकी पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए समस्याओं का समाधान निर्धारित समय सीमा में करने की बात कही। ऊर्जा मंत्री ने जन सुनवाई में आई जरुरतमंद महिलाओं को तत्काल राशन दिलाने के निर्देश के साथ ही वृद्धजनों की वृद्धावस्था पेंशन तथा मुफ्त इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकार सतत प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर बदल रहा है और बदलाव की झलक हम सबको दिखाई दे रही है। विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ वातावरण, अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आव्हान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास की दिशा में यह कदम स्वच्छता, सुरक्षित जल और बेहतर जीवन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
दिवंगत विद्युत कर्मी की पत्नी को दिया आर्थिक सहायता का चैक
जन सुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दतिया जिले में पदस्थ रहे मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी श्री सानू खान का विद्युत कार्य करते समय करंट लगने से निधन होने पर आर्थिक सहायता राशि के रुप में उनकी पत्नी श्रीमती मजहबी खान को सरकार की ओर से 4 लाख रुपए का चैक प्रदान करते हुए भरोसा दिलाया कि इस दु:खद घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
