ब्रेकिंग

ग्वालियर में छात्र-छात्राओं को मिला ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण

कौशल आधारित शिक्षा से ही भारत बनेगा विकसित राष्ट्र_ राजकुमार वाजपेई

ग्वालियर। शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल के तहत शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास मध्य भारत प्रांत विभाग एवं ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल डीडी नगर के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं के लिए चार दिवसीय निशुल्क ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल की संचालक डॉ. श्रीमती किरण भदौरिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में विभाग संयोजक राजकुमार बाजपेई उपस्थित रहे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रांत संयोजक धीरेंद्र सिंह भदोरिया शामिल हुए। विशेष अतिथि के रूप में विभाग विषय संयोजक राजकमल जदौन और विद्यालय के प्राचार्य मनोज उपाध्याय मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक एवं ड्रोन प्रशिक्षक शिक्षक ने प्रशिक्षण गतिविधियों का संचालन किया।

मुख्य वक्ता राजकुमार वाजपेई ने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक भविष्य की संभावनाओं से जुड़ा क्षेत्र है और छात्र-छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर स्टार्टअप योजनाओं के माध्यम से रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा ही भारत माता को “परम वैभव” तक पहुंचाने में योगदान देंगे।

मुख्य अतिथि धीरेन्द्र सिंह भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था, समाज और राष्ट्र के विकास के लिए सभी को मिल-जुलकर कार्य करना चाहिए। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. किरण भदौरिया ने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर संस्था एवं समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान राजकमल सिंह जादौन ने देशभक्ति गीत “स्वयं अब जाकर हमको जगाना, देश है अपना…” प्रस्तुत कर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। चार दिवसीय प्रशिक्षण में राजवर्धन सिंह, अभिषेक पाण्डेय, अभिषेक मुद्गल और शिवांक सिंह सहित प्रशिक्षक दल ने विद्यार्थियों को ड्रोन संचालन के साथ एलईडी बल्ब एवं सेंसर आधारित तकनीकी कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

ड्रोन प्रशिक्षणकार्यक्रम का संचालन निधि परिहार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्राचार्य मनोज उपाध्याय ने व्यक्त किया। इस अवसर पर अंजू भदौरिया, नंदकिशोर, सरोज भदौरिया, रेनू भदौरिया, रीना, रजनी तोमर, प्रियंका गुप्ता, अमित सर सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।