हरियाली का महाअभियान: झांसी मंडल ने रचा नया कीर्तिमान
हर पौधा, हरित भविष्य का वादा—झांसी मंडल का अभूतपूर्व वृक्षारोपण अभियान
झांसी 27 जुलाई 2026। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में झांसी रेल मंडल ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए दिनांक 26 जुलाई 2026 को एक ही दिन में 2.02 लाख पौधों का वृहद वृक्षारोपण किया। यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा सतत विकास के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश भी बना।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों, रेलवे भूमि, ट्रैक के किनारों, कार्यस्थलों तथा अन्य उपयुक्त स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। अभियान में अधिकारियों, पर्यवेक्षकों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, विभिन्न विभागों के रेलकर्मियों तथा सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
यह अभियान भारत सरकार के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों तथा “जो पेड़ लगाता है, वह उम्मीद जगाता है” थीम की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। वृक्षारोपण के माध्यम से झांसी मंडल ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने तथा हरित अवसंरचना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व स्वस्थ जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से पौधारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे की निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाले वर्षों में स्वच्छ वायु, हरित वातावरण तथा बेहतर पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

