ब्रेकिंग

डीआरएम  कुमार ने ललितपुर, महाराजा छत्रसाल छतरपुर एवं टीकमगढ़ स्टेशनों का किया निरीक्षण

अमृत भारत स्टेशन योजना के विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं एवं स्वच्छता का लिया जायजा

झांसी 9 जुलाई2026। झांसी मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने आज ललितपुर, महाराजा छत्रसाल छतरपुर एवं टीकमगढ़ रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा स्टेशन पर चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता, समयबद्धता एवं यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों के निष्पादन के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में ललितपुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर एवं सहज सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्टेशन पर व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित महाराजा छत्रसाल छतरपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन भवन, यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों एवं स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित स्टेशन रेलवे की प्राथमिकता हैं और इन परियोजनाओं से यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।

निरीक्षण के अंतिम चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने टीकमगढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा किया, जिसे अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने स्टेशन पर विकसित आधुनिक सुविधाओं, विभिन्न निर्माण कार्यों तथा स्टेशन परिसर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशनों का निरीक्षणनिरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) श्री आयुष श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सिग्नल एवं टेलीकॉम(मेन लाइन) श्री राजकुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सिग्नल एवं टेलीकॉम(ब्रांच लाइन) रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री जे.के.शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।