ब्रेकिंग

महिला उद्यमिता को नई उड़ान दे रहा है ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर का ‘यशस्विनी’ कार्यक्रम

ग्वालियर 09 जुलाई 2026। महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय महिला व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर (जीइन्क्यूब) द्वारा संचालित “यशस्विनी” कार्यक्रम एक बार फिर सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम बैच में 12 महिला उद्यमियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें ग्रेजुएट करने के बाद, जीइन्क्यूब ने महिला सशक्तिकरण की अपनी इस पहल का दूसरा चरण प्रारंभ किया है। यशस्विनी 2.0 के अंतर्गत अब तक तीन प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, जबकि आगामी दिनों में नौ और सत्र आयोजित किए जाएंगे।

यह 12-सप्ताह का विशेष कार्यक्रम उन महिलाओं के लिए तैयार किया गया है, जो वर्तमान में छोटे स्तर पर अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं अथवा अपने उद्यम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना चाहती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल व्यवसाय शुरू करना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से विकसित करने, प्रतिस्पर्धी बाजार में पहचान बनाने तथा उसे सतत रूप से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना है।

यशस्विनी 2.0 के अंतर्गत प्रतिभागियों को मार्केट रिसर्च, बिजनेस स्ट्रेटेजी, ब्रांड बिल्डिंग, वित्तीय योजना, डिजिटल मार्केटिंग, ग्राहक प्रबंधन, कानूनी अनुपालन, फंडिंग, नेटवर्किंग, व्यवसाय विस्तार तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित आधुनिक व्यावसायिक उपकरणों सहित उद्यमिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अनुभवी उद्योग विशेषज्ञों एवं मेंटर्स द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है।

कार्यक्रम से जुड़ी अधिकांश महिलाएं वर्तमान में गृह उद्योग, हस्तशिल्प, फूड, ब्यूटी, फैशन, सेवाओं एवं अन्य लघु व्यवसायों से जुड़ी हुई हैं। जीइन्क्यूब का प्रयास है कि इन महिलाओं के व्यवसाय केवल स्थानीय स्तर तक सीमित न रहें, बल्कि वे संगठित रूप से विकसित होकर बड़े बाजारों तक अपनी पहुंच बना सकें। जीइन्क्यूब का मानना है कि जब महिलाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध होते हैं, तब वे न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि समाज में रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देती हैं।

ग्वालियर स्मार्ट सिटी इन्क्यूबेशन सेंटर द्वारा संचालित यह पहल महिला उद्यमिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संस्थान का लक्ष्य आगामी समय में अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमिता से जोड़कर उन्हें सफल व्यवसायी बनने के लिए आवश्यक संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन एवं व्यवसायिक अवसर उपलब्ध कराना है।