युगक्रांति की खबर का असर: रेलवे ने लिया त्वरित संज्ञान
ग्वालियर 7 फरवरी 2026। युग क्रांति द्वारा हाल ही में रेलवे स्टेशनों पर संचालित जनता भोजन की उपलब्धता और दरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित संज्ञान लिया है। खबर में जनता भोजन की अनियमित उपलब्धता तथा दरों को लेकर उठाए गए सवालों के बाद अब रेलवे ने सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार जनता भोजन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झांसी मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा एक अलग मॉनिटरिंग ग्रुप का गठन किया गया है। इस ग्रुप के माध्यम से मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी स्टेशनों पर जनता भोजन की दैनिक रिपोर्टिंग की जाएगी। ग्रुप में सभी सीसीई एवं डीसीआई अपने-अपने क्षेत्राधिकार के स्टेशनों पर जनता भोजन की उपलब्धता की रोजाना जानकारी साझा करेंगे।
इस ग्रुप में एसीएम, डीसीएम, सीनियर डीसीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी जोड़ा गया है, ताकि व्यवस्था पर उच्च स्तर से सतत निगरानी रखी जा सके और किसी भी तरह की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई संभव हो। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
दर संशोधन प्रस्ताव जोन को भेजा गया, अब बोर्ड का निर्णय प्रतीक्षित
वहीं युग क्रांति की खबर में जनता भोजन की दरों को लेकर उठाए गए सवालों पर भी रेलवे ने कदम बढ़ाया है। सीसीआई एवं डीसीआई स्तर के सुझावों के आधार पर झांसी मंडल के वाणिज्य अधिकारियों द्वारा जनता भोजन की दर संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर प्रयागराज रेलवे क्षेत्र (जोन) को भेज दिया गया है। रेलवे सूत्रों के अनुसार यह प्रस्ताव वहां से शीघ्र ही रेलवे बोर्ड को अग्रेषित किया जाएगा। उत्तर-मध्य रेलवे की इस पहल पर पश्चिम-मध्य रेलवे सहित अन्य क्षेत्रों (जोन) में भी व्यापक स्तर पर अमल की शुरुआत के आसार नजर आ रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि युग क्रांति की पहल पर मंडल एवं जोन स्तर से भेजे गए इस प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड क्या निर्णय लेता है। फिलहाल झांसी मंडल के रेलवे अधिकारियों द्वारा लिया गया यह त्वरित संज्ञान उनकी सकारात्मक मंशा और जिम्मेदार प्रशासनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिससे यात्रियों को बेहतर और पारदर्शी सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है।
पिछली इस खबर पर हुआ उपरोक्त एक्शन
