ग्वालियर। संदीपनि शासकीय मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, दीनदयाल नगर (मुरार) में लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा का बुधवार को गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन निर्धारित कैलेंडर के अनुसार विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत गुरु महिमा पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता, संस्कृत श्लोक एवं भजन प्रस्तुति, गुरु वंदना, योगाभ्यास, ज्ञान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, करियर मार्गदर्शन, प्रेरक व्याख्यान, वृक्षारोपण, शांदीपनि विद्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण, नवाचारों का अवलोकन, अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन, विद्यार्थियों की प्रगति एवं संस्कारों पर चर्चा, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैली तथा गुरु-शिक्षक प्रेरणा संवाद जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
समापन समारोह एवं गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. अवधेश कुमार चंसोलिया का शाल, श्रीफल एवं विद्यालय के स्मृति-चिह्न से सम्मान किया गया। उप प्राचार्य श्री आहिवरण सिंह कुशवाह ने उनका सम्मान करते हुए उनके शैक्षणिक योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. चंसोलिया ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, संस्कार एवं निरंतर अध्ययन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि सहित सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
