ब्रेकिंग

ग्वालियर के विकास और किसानों की समृद्धि के लिए सांसद भारत सिंह कुशवाह की दिल्ली में बड़ी पहल

नितिन गडकरी से सड़क परियोजनाओं और शिवराज सिंह चौहान से कृषि मेले के आयोजन पर की महत्वपूर्ण चर्चा

ग्वालियर/नई दिल्ली, 04 जून 2026। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सांसद भारत सिंह कुशवाह ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से महत्वपूर्ण मुलाकातें कर क्षेत्र के विकास एवं किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भेंट कर ग्वालियर अंचल की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं एवं किसानों के लिए विशेष कार्यक्रमों के आयोजन का आग्रह किया।

नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हुई मुलाकात के दौरान सांसद कुशवाह ने ग्वालियर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क एवं अधोसंरचना परियोजनाओं के संबंध में विस्तृत मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने ग्वालियर-भिंड-इटावा फोर-लेन मार्ग, डबरा वेस्टर्न बायपास की डीपीआर तैयार कर शीघ्र स्वीकृति तथा ग्वालियर पुराने बायपास के दोनों ओर सर्विस रोड निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े स्वीकृत कार्यों के भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रमों के लिए समय प्रदान करने का अनुरोध भी किया।

सांसद कुशवाह ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगी। साथ ही व्यापार, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्वालियर, भिंड और इटावा के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्तुत मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

इसी क्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य भेंट कर ग्वालियर में “विकसित खेती-समृद्ध किसान” विषय पर भव्य कृषि मेला एवं किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से हजारों किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि उपकरणों और कृषि नवाचारों की जानकारी प्राप्त होगी।

सांसद कुशवाह ने बताया कि कृषि मेला किसानों के लिए ज्ञानवर्धन और तकनीकी उन्नयन का प्रभावी मंच सिद्ध होगा, जिससे किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन क्षेत्र के किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह से भारत सिंह की मुलाकातसांसद भारत सिंह कुशवाह ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क अधोसंरचना और कृषि विकास से जुड़ी इन पहलों के साकार होने पर ग्वालियर क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा जनता और किसानों को लंबे समय से अपेक्षित सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।